सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

आम के आम गुठलियों के दाम रेल मंत्रालय के नाम


देश को आर्थिक विकास की चिंता के साथ-साथ पर्यावरण के बारे में भी चिंता की आवश्यकता है. अभी तक हम विज्ञान और तकनीकि के सहारे विकास के आर्थिक पक्ष पर ही नजर गड़ाए बैठे हैं, तो सरकार की नीति और योजनायें भी किसी न किसी रूप में विकास के आर्थिक पक्ष की ही पक्षधर रही हैं. नतीजतन आज हम उसका परिणाम देख रहे हैं. सूखा, बाढ़ और पीने के पानी का संकट जैसी समस्याएं निरंतर विकराल रूप धारण करती जा रही हैं.
आज हम एक ऐसी नगरीकरण की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं जिसमें लोग तेजी से गाँव से शहर की तरफ पलायन कर रहे हैं. इसका एक ही प्रमुख कारण हैं, वह है शहरों में आसानी से उपलब्ध भौतिक सुख-सुविधा. लेकिन इस सुख-सुविधा को प्राप्त करने की आपाधापी में हम यह निरंतर भूलते जा रहे हैं कि पर्यावरण बदल रहा है और यह बदलाव सिर्फ सामान्य बदलाव नहीं है. यह प्रकृति का इंसानों पर आक्रमण करने की बेचैनी है. जिसका परिणाम बहुत भयानक और त्रासदीपूर्ण होगा. अतः सरकार और विकास की रूप-रेखा तैयार करने वालों को यह सोचना होगा, कि भविष्य में कभी भी आने वाली भयानक त्रासदी से कैसे निपटा जाय. इसके लिए उन्हे विचार-विमर्श, राष्ट्रीय स्तर पर संगोष्ठी और पर्यावरणविदों तथा शोधार्थियों से सुझाव व संवाद स्थापित करने होंगे.
खैर ! यह जब होगा तब होगा, लेकिन इस समय मेरे पास एक ऐसा सुझाव है जिसपर विचार किया जा सकता है. हालांकि यह इस पर्यावरणिक समस्या के समाधान हेतु ऊंट के मुह में जीरा जैसा ही है क्योंकि मैं यह सुझाव केवल रेल मंत्रालय के लिए दे रहा हूँ. जिसपर यदि इसपर अमल किया जाय तो रेल मंत्रालय एक बड़े व्यापक स्तर पर पर्यावरण की रक्षा करते हुए अपना आर्थिक विकास भी कर सकता  है.
जैसाकि हम जानते हैं कि भारतीय रेल, भारतीय अर्थ-व्यस्था और परिवहन के लिए सबसे आवश्यक और महत्वपूर्ण साधन है. प्रतिदिन इसमें लाखो लोग एक जगह से दूसरे जगह तक जाने के लिए यात्रा करते हैं और अपनी यात्रा के दौरान खाना खाते हैं और पानी भी पीते हैं और खाने की पन्नी तथा पानी का बोतल खिड़कियों से रेल पटरी पर फेक देते हैं. इन पन्नियों और पानी की बोतलों से पर्यावरण पर सीधा प्रभाव पड़ता है. इस प्रकार प्रत्येक यात्री अपनी यात्रा के दौरान यदि वह दो सौ किलोमीटर से अधिक की यात्रा कर रहा होता है तो निश्चित तौर पर कम से कम दो लीटर पानी पी ही लेता है. उसके इस दो लीटर पीने के पानी में प्लास्टिक की दो बोतलें निकलती हैं तथा उसका अपने जेब से तीस रुपया जाता है. यह तीस रुपया पानी की कम्पनी और उसे बेचने वाले की जेब में जाता है. दरअसल मुद्दा यह नहीं है मुद्दा यह है कि प्रकृति से फ्री में पानी लेने के बाद भी एक कम्पनी विशेष ने लाभ तो कमाया लेकिन पानी पीने वालों से पानी का बोतल इधर-उधर फेकवाकर प्रकृति को कुछ लौटाने के एवज में प्लास्टिक का कचड़ा लौटाया. यह आकड़ा सिर्फ एक यात्री का है जबकि रोज लाखो लोग यात्रा करते हैं बोतल का पानी पीते हैं और लाखो बोतल रेल पटरियों पर फेक देते हैं. यह बोतल नदी, नालों और खेतों में जाता है. यह लाखों बोतल भी एक दिन का है. इस प्रकार एक महीने में कितना ? एक साल में कितना ? फिर सालों-साल में कितना ? आप जरा स्थिर मन से इसपर सोचेंगे तो माथा ठनक जायेगा कि सिर्फ रेलवे के माध्यम से पर्यावरण का कितना नुक्सान हो रहा है. सच में स्थिति बड़ी भयावह है. यह अलग बात है कि रेलवे इसको रोक भी नहीं सकता लेकिन यह भी नहीं है कि  इसके लिए कुछ प्रयास और उपाय न किये जा सके.
यहाँ मैं यह बताना चाहता हूँ कि रेलवे को क्या करना चाहिये – इसे हम स्लीपर के एक डिब्बे के माध्यम से समझाते हैं. जैसाकि स्लीपर के  एक डिब्बे में 72 सीटें होती हैं यानि की 72 यात्री, और इन 72 यात्रियों के लिए होता चार टॉयलेट जो आवश्यकता से अधिक है. अगर चार के जगह पर तीन टॉयलेट भी हो तो 72 यात्रियों का काम चल जायेगा. हमारा सुझाव है कि टायलेट वाले एक केविन से टायलेट सीट को ख़तम करके उसमे एक वाटर फ़िल्टर और एक वाटर कूलर लगा दिया जाय साथ ही उसमे एक बड़ा डस्टबीन भी लगाया जाय. इस प्रकार इस समस्या से काफी हद तक निजात पाया जा सकता है. क्योंकि प्रत्येक यात्री अपनी पूरी यात्रा के दौरान सिर्फ एक बोतल का उपयोग करेगा और खाने की पन्नी को उस डस्टबीन में डालेगा.
मैं व्यक्तिगत तौर पर इस सुविधा के लिए कोई भी सुविधा शुल्क लगाने के पक्ष में नहीं हूँ. लेकिन रेल मंत्रालय चाहे तो स्वच्छ पानी के नाम पर प्रत्येक यात्री से बीस रूपये का अतिरिक्त चार्ज ले सकता है. जिसका यात्रा- टिकट में स्पष्ट उल्लेख हो. यह चार्ज भी केवल स्लीपर और एसी वाले डिब्बे में ही लगे. साधारण डिब्बे में तो बिलकुल भी नहीं. इस तरह से यदि एक डिब्बे के बहत्तर यात्रियों से बीस रूपये लिए जाएँ तो 1440 रूपये की आमदनी होगी. यदि ट्रेन एक महीने में पंद्रह दिन भी चलती है तो एक डिब्बे से एक महीने में 2160 रूपये बनते हैं. इस प्रकार एक साल में सिर्फ एक डिब्बे से 259200 रूपये की आमदनी रेल मंत्रालय को होगी. अब आप अंदाजा लगा सकते हैं की देश में सैकड़ों ट्रेनें चलती हैं अगर एक ट्रेन में दस डिब्बे हों तो सैकड़ों ट्रेनों के प्रत्येक डिब्बे से रेल मंत्रालय को एक साल में कितने की आमदनी होगी. इसके अलावा यदि हम इसके मेंटिनेंस की बात करें तो यह सबको पता ही होगा की वाटर कूलर और और वाटर फ़िल्टर बेचने वाली अधिकतर कम्पनियां कम से कम एक साल तक मेंटिनेंस सर्विस फ्री में करती हैं. अतः हम कह सकते हैं कि यह रेल मंत्रालय के लिए कम से कम एक साल तो आम के आम और गुठलियों के दाम जैसा होगा.
यह तो हुई केवल रेल मंत्रालय के फायदे की बात, लेकिन जब हम जनता के बारे में देखते है तो जरा सोचिये की पानी बेचने वाली कम्पनियां हमारे हक़ का पानी लेकर हमें ही बेच रही हैं और इससे हुए शुद्ध फायदे को केवल अपने जेब में रख रही हैं. न तो उनको पर्यावरण से कुछ लेना-देना है और न ही देश की जनता से. लेकिन इस तरह का कारगर उपाय जब सरकार द्वारा किया जायेगा तो इसका सीधा लाभ सरकार को होगा और सरकार का पैसा मतलब जनता का पैसा. इसप्रकार रेल मंत्रालय एक तीर से तीन निशाना लगा सकता है. पर्यावरण की रक्षा, यात्रियों को बेहतर सुविधा और आर्थिक पक्ष मजबूत करके देश का विकास.   

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

भूमंडलीय दौर में हिंदी सिनेमा के बदलते प्रतिमान

भूमंडलीकरण एक ऐसी परिघटना थी , जिसने पूरी दुनिया को अपनी मुट्ठी में दबोचकर सामाजिक , आर्थिक और सांस्कृतिक रूप से बदलने का प्रयास किया। भारत भी इससे अछूता नहीं रहा , भूमंडलीकरण के आने के बाद देश की आर्थिक , सामाजिक और सांस्कृतिक परिदृश्य में काफी बदलाव आया है। इस बदलाव को साहित्य , सिनेमा एवं अन्य विविध कलाओं में सहज ही महसूस किया जा सकता है। जहाँ तक हिंदी सिनेमा की बात है , तो आज पहले की अपेक्षा अधिक बोल्ड विषयों पर फिल्मों का निर्माण हो रहा है। यथा स्त्री-विमर्श , सहजीवन , समलैंगिकता , पुरूष स्ट्रीपर्स , सेक्स और विवाहेतर संबंध एवं प्यार की नई परिभाषा गढ़ती फिल्में इत्यादि। कहने का आशय यह नहीं है कि भूमंडलीकरण से पूर्व उपर्युक्त विषयों पर फिल्म निर्माण नहीं होता था , परंतु 1991 के पश्चात हिंदी सिनेमा में कथ्य और शिल्प के स्तरों पर प्रयोगधर्मिता बढ़ी है। दृष्टव्य है कि संचार माध्यमों में विशिष्ट स्थान रखने वाला सिनेमा , मात्र मनोरंजन का साधन न होकर जनमानस के वैचारिक , सांस्कृतिक , राजनीतिक व सामाजिक जीवन को भी गहराई से प्रभावित करता हैं। चूंकि सिनेमा अपने निर्माण से लेकर प्रदर्शित हो...

ज्ञान्ती (कहानी) हिंदी अकादमी की पत्रिका इन्द्रप्रस्थ भारती के अगस्त 2016 के अंक में प्रकाशित

‘मुझे अब एक पल भी इस घर में नहीं रहना. . .जा रही हूँ मैं… सबकुछ छोड़कर… हाँ-हाँ सब कुछ ! लेना तो मुझे एक साड़ी भी नहीं… लेकिन, ना लूँ तो पहनूंगी क्या ? अपने गहने ! कैसे छोड़ दूँ ? ये तो मेरे हैं. खाक मेरे हैं ? अरे, जब पैदा करने वाले मेरे नहीं रहे, तो अब इन गहनों से क्या सरोकार ? और क्या भरोसा कि जहाँ जा रही हूँ वहां भी मेरा कोई अपना होगा ? भांड में जाये सब... अब कुछ नहीं सोचना मुझे... बस, अब मैं यहाँ नहीं रहूंगी. और … और अनुपम तो मेरा अपना है. वह जो भी करेगा, मेरे भले के लिए ही करेगा. मुझे उसपर भरोसा करना चाहिए, और कोई रास्ता भी तो नहीं’- ज्ञान्ति के मन में तरह-तरह के ख्याल आ रहे थे. और उसके हाथ-पांव इधर-उधर भागकर अपना काम करने में लीन थे. जब कपड़े और गहनों से, बैग ठसाठस भर गया तब वह कुछ शांत हुई. कमरे में इधर- उधर नजर दौड़ाई, ‘कहीं कुछ और जरुरी सामान तो नहीं छुट रहा’. कमरे की हालत जर्जर थी. मिट्टी की दीवार, शहतीरों पर टिके खपरैल कभी भी गिर सकने की हालत में थे. भारी-भरकम आदम के जमाने का पंखा लटक रहा था. ‘जब भी चलता है चूं-चां किये घूमता ही नहीं , वह भी कितना ? अरे ! इसके घुमने से ज्यादा...

(धारावाहिक उपन्यास 1 )

1  शाम का समय था करीब पांच बज रहे होंगे सूर्य पश्चिम दिशा से पूरे आसमान में लाल किरणे छोड़ता हुआ आइस्ता-आइस्ता समुद्र में समता चला गया. मैं एक गुडिया हाथ में लिए चहारदीवारी के पास खड़ी होकर अपने नियमित गति से चल रही जहाज तथा जहाज द्वारा उछाले गए पानी के साथ जी-जान लगाकर किनारे की तरफ भागती और उछलती हुई तरह –तरह की समुद्री मछलियों को देख रही थी. अचानक मेरे हाथ से गुडिया छूटकर नीचे की तरफ गिरी. मैं झुककर देखने लगी. आश्चर्य ! देखा कि एक चौदह-पंद्रह वर्षीय, सावला रंग लेकिन खुबसूरत लड़का जो काला पेंट और भूरे रंग की जर्सी पहने हुए था, लपककर समुद्र की तरफ गिरती हुई मेरी गुडिया को बीच में ही पकड़ लिया. वह मेरी तरफ देखा, उसके होठों पर विजयी मुस्कान थी.               इस घटना से बेखबर जहाज अपनी रफ़्तार से अपने गंतव्य की तरफ बढ़ती चली जा रही थी. मैं उपर से ही चिल्लाई – “वह मेरी है”             वह भी चिल्लाते हुए बोला-“ मैं कब कह रहा हूँ कि मेरी है.”     ...